Homeबड़ी ख़बरेंसैलाना-बोदिना फंटे पर पुलिस का चालानी अभियान

सैलाना-बोदिना फंटे पर पुलिस का चालानी अभियान

बिना हेलमेट 300 वाहन चालकों के काटे चालान, 500 रुपए का जुर्माना; ओवरलोड वाहनों पर भी रही न

सैलाना। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सैलाना थाना पुलिस ने सैलाना-बोदिना फंटे पर विशेष चेकिंग एवं चालानी अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल, पिकअप, ट्रक एवं बसों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने चालान बनाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।

सहायक उप निरीक्षक शंकर सिंह शक्तावत ने बताया कि सोमवार को चलाए गए इस अभियान में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 300 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 500 रुपए का चालान बनाया गया। इस दौरान वाहन चालकों के लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई।

पुलिस टीम ने पिकअप, ट्रक एवं बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के मामलों पर भी विशेष नजर रखी। वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि ओवरलोडिंग यात्रियों की जान के लिए खतरा बन सकती है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक शंकर सिंह शक्तावत, आरक्षक राजू निनामा एवं आरक्षक मुरली कटारिया शामिल रहे। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की कि हेलमेट का उपयोग करें, वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग और चालानी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular